कठुआ। हाईवे पर चलने वाले ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसने के लिए यातायात पुलिस की कार्रवाई जारी है। बुधवार को डीटीआई कठुआ घनश्याम सिंह की देखरेख में यातायात पुलिस ने शहर से सटे कालीबाड़ी चौक पर नाका लगाया और वहां से गुजरने वाले ओवरलोड 22 भारी वाहनों के चालान काटे साथ ही पुलिस टीम ने 2300 रुपये राजस्व भी एकत्र किया।
कार्रवाई के संबंध में डीटीआई ने बताया कि हाईवे पर चलने वाले इन बड़े वाहनों में पहले ही काफी सामान लादने की क्षमता होती है। इसके बावजूद ज्यादा आमदनी के लालच में इन वाहनों के चालक अपने वाहनों में निर्धारित मानकों से ज्यादा माल लोड कर लेते हैं। जो कि हाईवे पर चलने वाले अन्य वाहनों के लिए खतरा बन जाते हैं। इसी को देखते हुए नाका लगाकर 22 ऐसे बड़े वाहनों का चालान किया गया है जो निर्धारित मानक से काफी ज्यादा सामान लेकर चल रहे थे। इनमें से 17 वाहनों के चालकों से नगद जुर्माना वसूला गया है, जबकि पांच को चालान काटने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि उनकी यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संवाद