कठुआ। लखनपुर म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन रविंद्र शर्मा ने अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शनिवार को उन्होंने अपना इस्तीफा कमेटी के उपचेयरमैन काका राम को कमेटी कार्यालय में सौंप दिया है।
इस संबंध में कमेटी के कार्यकारी अधिकारी सुभाष रैणा ने बताया कि चेयरमैन के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद अब कमेटी के कामकाज का कार्यभार फिलहाल उपप्रधान तब तक संभालेंगे जब तक नए प्रधान अपना कार्यभार नही संभालते हैं। इसी को लेकर मंगलवार को सभी पार्षदों के साथ बैठक कर अगले प्रधान के चुनाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। आपको बता दें कि म्यूनिसिपल कमेटी की सत्ताधारी पार्टी भाजपा पार्षदों के बीच समझौते के अनुसार अब एडवोकेट राकेश शर्मा कमेटी के चेयरमैन और काका राम एक बार फिर उपचेयरमैन होंगे।
वहीं अपना इस्तीफा देने के बाद रवींद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है उन्होंने कहा कि 1 साल में जितने कार्य करवा सकते थे उन्होंने लखनपुर में करवाए हैं।