हीरानगर। सामाजिक इंसाफ मंच की ओर से रविवार को दियाला चक में एक बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें मंच के नेताओं ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मंच के अध्यक्ष बीएल कांडले ने यहां अपने संबोधन के दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। सरकारें लोगों को रोटी, कपड़ा, मकान देने का काम करती हैं। लेकिन, यह सरकार कपड़ा, मकान देना तो दूर, रोटी भी छीनने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों के बदले मोदी सरकार ने जो दिन दिए हैं, इतने बुरे दिन देश की जनता ने कभी नहीं देखे। पहले ही बेरोजगारी के चलते आम लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल था, ऊपर से महंगाई की मार ने खाना भी सोच समझ कर खाने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सरकार की इस तरह की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएं। बैठक में सुरेश कुमार, बोध राज, रामपाल, विशाल, स्वर्ण सिंह, आदि मौजूद रहे।