राजकीय महिला डिग्री कॉलेज कठुआ की एनएसएस इकाई ने एनएसएस दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाया। कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश फैलाया।
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व आयोजित इस स्वच्छता अभियान ने छात्रों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया और सामुदायिक सेवा की भावना को प्रबल किया। इसके बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में डोगरी और पंजाबी लोक नृत्य के साथ-साथ मधुर गायन प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।