पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने 3 अलग-अलग स्थानों पर तस्करों से 29 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस दौरान दो आरोपी भी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने इन तीनों ही मामलों में तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को जब्त करते हुए आईपीसी की धारा 188 और 11 पीसीएम में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला पुलिस मुख्यालय के अनुसार कठुआ थाना पुलिस टीम ने सक्ता चक में नाका लगाया था। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोड कैरियर जेके08बी-8636 को रुकने का इशारा किया, तो चालक लोड कैरियर को नाके से पहले ही रोककर फरार हो गया। जांच के दौरान वाहन से 5 मवेशी बरामद हुए।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई के दौरान एक अन्य लोड कैरियर नंबर जेके08बी-4980 को भी जब रुकने का इशारा किया, तो उसका चालक पुलिस पार्टी को देखने के बाद मौके से फरार हो गया। इस दौरान भी वाहन से पांच मवेशी बरामद हुए। एक अन्य कार्रवाई लखनपुर पुलिस ने की। इस दौरान पंजाब से आ रहे ट्रक नंबर जेके02सीसी-7023 को जांच के लिए रोका।
इस दौरान ट्रक में अवैध रूप से लाए जा रहे 19 मवेशी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने ट्रक के चालक गारू राम निवासी आरएसपुरा और उसके सहयात्री सफीर पुत्र मोहम्मद निवासी हवेली पुंछ को गिरफ्तार कर लिया।