बिलावर के डडवाडा निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग की पंजाब के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस प्रकरण में नौ अक्तूबर को बिलावर पुलिस ने उसकी बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि देवरानी ने अपनी जेठानी पर आरोप लगाए थे कि उसकी जेठानी ने उसके ससुर 79 वर्षीय मोतीराम पर किसी चीज से प्रहार किया था, जिससे उसके ससुर घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के लिए उप जिला अस्पताल ले जाया गया था। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। परिवार के सदस्य उन्हें बेहतर इलाज के लिए पंजाब के एक निजी अस्पताल ले गए थे, जहां बुधवार की रात पंजाब के एक निजी अस्पताल में मोतीराम की मौत हो गई थी। परिजन शव को उप जिला अस्पताल ले गए। इसके बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जाहिर मुश्ताक ने बताया कि पुलिस ने पहले ही इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया था, मौत के कारणों की जांच के साथ ही अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।