नगाली के पास मोड़ पर सड़क से उतरा बस का टायर। संवाद
- फोटो : kathua
बसोहली के नगाली में बस खाई में गिरने से बाल बाल बची, बड़ा हादसा टला
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/बनी। बनी बसोहली मार्ग पर सियारा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह से घायल हैं। कार सवार पठानकोट से अपने घर बनी की ओर लौट रहे थे। उधर, बसोहली के नगाली के पास एक मोड़ पर बस का टायर खाई की ओर निकल गया। बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। इस हादसे में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
बनी बसोहली मार्ग पर बसोहली की ओर से बनी की ओर जा रही कार संख्या जेके08पी 6238 सियारा के पास गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई में उतरे लोगों ने एक एक कर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इस बीच सूचना मिलते पर एंबुलेंस और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिंदरैली में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान प्रवीणा बेगम (49) पत्नी मोहम्मद इकबाल निवासी लोआंग बनी के रूप में हुई है।
उधर, कार में सवार दो अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान साद वानी (25) पुत्र मोहम्मद इकबाल और मुशकीन अहमद वानी (24) पुत्र मुनीर अख्तर दोनों निवासी लोआंग बनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, इससे पहले बसोहली के नगाली इलाके में यात्रियों से भरी बस एक मोड़ पर खाई की ओर लुढ़कते हुए बच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोड़ पर बस का एक टायर खाई की ओर लटक गया। मौके पर सवारियों में अफरा तफरी मच गई। गाड़ी को खाली कर बस को निकालने का प्रयास किया गया। क्षेत्र के लोगों ने सड़क की दशा सुधारने की मांग की है।