बनी-बसोहली मार्ग पर मंगियार के पास हुआ हादसा
सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने किया बचाव का कार्य
कठुआ/बनी। बनी-बसोहली मार्ग पर मंगियार के पास शनिवार को कार गहरी खाई में गिर गई। इसमें कार सवार दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपजिला अस्पताल बनी पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सेना की मदद से एयरलिफ्ट कर जम्मू ले जाया गया। वहीं, दूसरे घायल को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगियार के पास कार (जेके08के7941) अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपजिला अस्पताल बनी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टराें ने घायलों का प्राथमिक उपचार करवाया। एक की नाजुक हालत को देखते हुए एयरलिफ्ट कर जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाया गया। घायलों की पहचान राकेश शर्मा पुत्र रतन दास, निवासी लोवांग बनी और करण सिंह पुत्र अभिराम निवासी बनी चांदल के रूप में हुई है।
कोट
एक घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे एयरलिफ्ट करवाया गया है। फौरी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ-साथ मंडलायुक्त और जिला उपायुक्त से भी बात की। यह प्रार्थना है कि घायल स्वस्थ होकर जल्द घर लौटें।
-डॉ. रामेश्वर सिंह, विधायक बनी
..............
बनी बसोहली मार्ग पर क्रैश बैरियर नहीं होने से लगातार बढ़ रहे हादसे
बनी-बसोहली मार्ग विस्तारीकरण के बाद भी बीआरओ की ओर से इलाके में क्रैश बैरियर या फिर पैराफीट का इंतजाम नहीं किया गया है। ऐसे में तेज रफ्तार पर तीखे मोड़ आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में ही इस सड़क ने कई जिंदगियों को लील लिया है। खूनी होती जा रही इन सड़कों पर हादसों को रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है।
कोट
इस मामले में बीआरओ से बात की गई है। अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाए जाएं।
- संदीप कुमार, एसडीएम बनी