कठुआ। अपर प्राथमिक विद्यालय राजबाग, कठुआ के शिक्षक दीपक शर्मा ने सांस्कृतिक संसाधन और प्रशिक्षण केंद्र दिल्ली, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार से उनके स्कूल के लिए एक सांस्कृतिक क्लब प्राप्त कर लिया है। वीरवार को इसका उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी किशोर कुमार ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह जिले के सांस्कृतिक और शैक्षिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
आयोजित उद्घाटन समारोह में सीईओ कठुआ किशोर कुमार ने छात्रों के लिए यह अनूठा अवसर लाने में दीपक शर्मा की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीसीआरटी द्वारा प्रायोजित यह सांस्कृतिक क्लब कठुआ जिले में अपनी तरह का पहला और पूरे जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में दूसरा है, जो इसके असाधारण महत्व को उजागर करता है। जो दीपक शर्मा के अथक प्रयासों और समर्पण का फल मिला है। यह पहल छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न कलात्मक और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की समझ को तलाशने और बढ़ाने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगी। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा योजना अधिकारी कठुआ करमजीत सिंह, जोनल शिक्षा अधिकारी कठुआ आराधना देवी और उनके संबंधित स्टाफ सदस्यों सहित सम्मानित अतिथि भी उपस्थित रहे।