कठुआ। जम्मू कश्मीर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सचेतक नियुक्त किए जाने पर विधायक राजीव जसरोटिया का संत समाज ने स्वागत किया है। छन्न अरोड़ियां स्थित महामाया मंदिर में जम्मू-कश्मीर संत समाज न्यास की ओर से शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में संतों ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया।
संतों ने कहा कि वह जनता के वास्तविक मुद्दों को विधानसभा के पटल पर रखेंगे ताकि लोगों का कल्याण हो सके। वहीं, जसरोटिया ने संतों का आभार जताते हुए कहा कि मुख्य सचेतक पद पर नियुक्ति के उपलक्ष्य में जो सम्मान आपने दिया उसके लिए वह जम्मू-कश्मीर संत समाज न्यास का आभार जताते हैं। समारोह में संतों से मिला स्नेह, आशीर्वाद और सम्मान पाकर उनका मन भाव-विभोर हुआ है।
उन्होंने सभी संतजन, समाजसेवी व कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि आपके विश्वास और प्रेम से ही ऊर्जा मिलती है सेवा के इस मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
भंडारे के साथ हुआ श्री राम कथा का समापन
बिलावर। श्री नरसिंह गोशाला मांडली में सात दिनों तक श्री राम कथा का आयोजन किया गया। इसका समापन शनिवार को भंडारे के साथ हुआ। कथावाचक विज्ञानानंद सरस्वती ने श्री राम के आदर्श जीवन, उनके मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप और भक्तों के प्रति उनकी असीम करुणा का बखान किया।
उन्होंने रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से समाज में सत्य, प्रेम और सेवा भावना का महत्व बताया। कथा के समापन पर शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन, पूजन के साथ हुई।
पूर्णाहुति के बाद भगवान श्री राम को भोग लगाने के बाद भंडारा लगाया गया। भंडारे में स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राम की महिमा से ओतप्रोत कथा सुनी।