बिलावर। उपमंडल के दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों ने सरकार से एसआरटीसी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
सरपंच मक्खन सिंह ने बताया कि दूरदराज के इलाकों में लोगों को इन दिनों जम्मू या कठुआ जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मलाड, मडून, और अन्य कई इलाकों के लोगों को कई किमी पैदल चलकर कटली पहुंचना पड़ता है। उसके बाद लोग मिनी बस में सवार होकर बिलावर पहुंचते हैं।
समाजसेवी सुरजीत सिंह ने बताया कि बिलावर पहुंचने के बाद लोग कठुआ जाने के लिए बस का सहारा लेते हैं। चार घंटे का सफर बस में करने के बाद लोग जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। अपने घरों से लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में पूरा दिन निकल जाता है।
कटली निवासी संजय कुमार ने बताया कि छह वर्ष पूर्व सरकार की ओर से कठुआ से कटली के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। लेकिन, कुछ दिनों बाद उसे बंद कर दिया गया। लोगों ने सरकार से मांग की है कि दूरदराज के इलाकों के हजारों लोगों की सुविधा के लिए सरकार कठुआ से कटली एसआरटीसी बस सेवा शुरू करें, जिससे लोगों को कठुआ पहुंचने के लिए कई वाहन न बदलने पड़ें।