पिछले नगर परिषद के कार्यकाल में विकास के दर्जनों काम करवाए गए, मगर समस्या जस की तस
कठुआ। जिला पुलिस कार्यालय से सटे वार्ड 4 के लोगों को हर दिन टूटी-फूटी सड़कें, पानी की भारी किल्लत और खुले नाले की समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। लगभग तीन हजार की आबादी वाले इस वार्ड में पिछले नगर परिषद के कार्यकाल में विकास के दर्जनों काम करवाए गए, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई हैं।
पांच साल के दौरान बनाई गई गलियाें का हाल भी बेहाल हो चुका है। वर्तमान में ज्यादातर गलियां जलशक्ति विभाग की ओर से पाइपों का जाल बिछाने के नाम पर उखाड़ दी गई है। कई जगह तो लोहे की पाइपें सड़क के ऊपर ही जोड़ दी गई हैं, जो आए दिन दुर्घटना के कारण बन रही हैं। वहीं, लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए नालों का सफाई का कोई प्रावधान नहीं है। जिला पुलिस कार्यालय के साथ लगते नाले को कवर ड्रेन तो बनाया, लेकिन पानी की सही निकासी और नियमित साफ-सफाई न होने से वर्तमान में नाला पूरे तरीके से बंद हो चुका है। इसके चलते बरसात में नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। संवाद
-
जिला पुलिस मुख्यालय की दीवार के साथ लगते नाले को अपग्रेड करने के नाम पर कवर ड्रेन तो बना दी। लेकिन नगर परिषद ने कभी उसकी साफ सफाई नहीं करवाई है। हालात यह हैं कि आज नाला पूरे तरीके से बंद हो चुका है। हर बरसात में गंदा पानी घरों के अंदर आ जाता है।
पूजा मेहरा, स्थानीय
-
वार्ड के बीचोबीच बहने वाला नाला नगर परिषद से बार-बार मांग करने के बाद कवर ड्रेन नहीं बनाया गया है। नगर परिषद इसकी समय-समय पर साफ-सफाई नहीं करवाती है। इससे गंदगी से पैदा होने वाले मच्छर मक्खियों से बीमारियों की संभावना बनी रहती है।
पवन कुमार, स्थानीय।
-
गर्मी शुरू होते ही वार्ड में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। तीन दिनों के बाद जल शक्ति विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत संबंधित विभाग ने मोहल्ले की बनी बनाई गलियों को उखाड़ कर पाइपों का जाल तो बिछा दिया गया, लेकिन कभी भी नियमित रूप स्थानीय लोगों को पानी नहीं मिला।
-शाम लाल, स्थानीय
-
नगर परिषद की घर घर जाकर कचरा एकत्रित करना मात्र एक मुहिम बनकर रह गई है। आज भी स्थानीय लोग खुले में कचरा फेंक रहे है। सड़क किनारे जिला पुलिस मुख्यालय के पास इकट्ठा होने वाला कचरे से स्थानीय दुकानदारों को गंदगी झेलनी पड़ती है। मक्खी मच्छर के आतंक से लोग दुकान पर आने से हिचकिचाते हैं।
-तिलक राज, दुकानदार।
कोट
वार्ड 4 में व्याप्त समस्याएं संज्ञान में आई है। इसमें मुख्य समस्या नालों की सफाई से जुड़ी है। कवर्ड ड्रेन की सफाई के लिए कई बार गलियों के टूटने के संभावना भी रहती है। लिहाजा इसे अभी रोका गया है। फंडों की उपलब्धता होते ही इसके लिए जल्द कदम उठाया जाएगा।
अमित शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी
नगर परिषद कठुआ