हीरानगर को मिली बड़ी सौगात, सीमावर्ती ग्रामीणों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लंबे समय से बंद पड़ी बॉर्डर बस सेवा को दोबारा शुरू कर दिया गया है, जो हीरानगर और अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस सेवा के बहाल होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, सरकारी एवं निजी कर्मचारियों, व्यापारियों तथा दैनिक यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
दोबारा शुरू होने वाली इस सेवा के तहत बस कठुआ से नगरी, कोटपुन्नू, सांझी मोड़, बलासा-खू, चकड़ा, जंगी चक, शेरपुर, मावा और सांबा होते हुए जम्मू तक संचालित होगी। वापसी में भी बस इसी मार्ग से होकर कठुआ पहुंचेगी। इससे सीमा क्षेत्र के अनेक गांव सीधे परिवहन सुविधा से जुड़ जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने बस सेवा की बहाली का स्वागत करते हुए विधायक विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इससे न केवल सफर आसान होगा, बल्कि समय और परिवहन खर्च में भी कमी आएगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।