जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए नगरी ब्लॉक कार्यालय में ब्लॉक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार नगरी पहुंचे डीसी राहुल यादव ने की। इस मौके पर ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने मुद्दों, परेशानियों, शिकायतों और मांगों के बारे में डीसी को अवगत करवाते हुए समाधान की मांग की।
लोगों ने डीसी के समक्ष पेयजल, बिजली की आपूर्ति और राशन के अलावा स्वास्थ्यकर्मियों की कमी, लंबित पेंशन मामले और लंबित मनरेगा भुगतान जैसी समस्याएं डीसी के समक्ष रखी। कार्यक्रम में नगरी म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन अनिल सिंह अंदोत्रा ने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण नगरी में विभाग के ईओ स्तर का अधिकारी नियुक्त करने की जरूरत है। वहीं, उन्होंने नगरी क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के साथ वजूह नाले की सफाई करवाने की मांग उठाई।
वहीं बीडीसी अध्यक्ष खजान चंद ने क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नगरी के लिए अलग से डिग्री कॉलेज की सुविधा देने की मांग रखी। डीडीसी सदस्य संदीप मजोत्रा ने नगरी उपजिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मामला उठाते हुए अल्ट्रासाउंड का टेक्नीशियन नियुक्त करने की मांग की। बरनोटी बीडीसी अध्यक्ष बृजेश्वर सिंह ने 15 वित्त आयोग के तहत हुए विकास कार्यों का भुगतान जारी किए जाने की मांग की।
खोख्याल के समाजसेवी नरेश शर्मा ने चन्नग्रां-नगरी मार्ग का विस्तारीकरण करने के साथ वजूह पर निर्माणाधीन चेकडैम का निर्माण पूरा करवाने की मांग उठाई। डीसी ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों को विधिवत पंजीकृत किया गया है। संबंधित विभागों के साथ बात की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की कमी की मांगों पर आश्वासन दिया कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के साथ उठाया जाएगा। इस मौके पर एसएसपी आरसी कोतवाल, एसीडी नारायण दत्त सहित जिला और क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित थे।