स्कूलों की समय सारिणी बदलने के खिलाफ बनी में प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
स्कूल समय में संशोधन करने की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बनी। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्धारित किए नए स्कूल समय के खिलाफ बनी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जिसमें पहाड़ी क्षेत्रों की परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल समय में संशोधन करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह फैसला दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों के छात्रों के हितों के खिलाफ है। कई गांवों में बच्चे पैदल कठिन रास्तों से होकर स्कूल आते हैं और सुबह 8 बजे तक पहुंचना उनके लिए बहुत कठिन है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में नेटवर्क की भी भारी समस्या है जिससे ऑनलाइन शिक्षा भी प्रभावी नहीं हो पाती।
प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उत्तम चंद गोस्वामी, ऋषि बडियाल, ठाकुरदास, काजल राजपूत सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। पूर्व विधायक जीवनलाल ने कहा कि सरकार को पहाड़ी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत समझनी चाहिए। यहां के बच्चों को इतनी सुबह स्कूल भेजना व्यावहारिक नहीं है। सरकार को तुरंत इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता काजल राजपूत ने कहा कि यह फैसला बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य दोनों के लिए ठीक नहीं है।