बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में मुन्ना इलेवन की टीम ने क्रिकेट लवर्स बिलावर की टीम को 153 रन से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।
क्रिकेट लवर्स बिलावर के कप्तान ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया और प्रतिद्वंदी टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मुन्ना इलेवन की टीम ने 5 विकेट गंवाकर 223 रन बनाए। मुन्ना इलेवन के बल्लेबाज सतनाम ने सर्वाधिक 84 रन बनाए वहीं बल्लेबाज सेंडी ने 50 रनों का योगदान दिया। क्रिकेट लवर्स बिलावर के गेंदबाज सुनील, वरुण और भानु ने एक-एक विकेट हासिल किया। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट लवर्स बिलावर की टीम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर सके और 12वें ओवर में क्रिकेट लवर्स की टीम मात्र 70 रन बनाकर सिमट गई। मुन्ना इलेवन की टीम ने 153 रनों से मैच जीत कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। मुन्ना इलेवन के गेंदबाज विनय चौधरी ने तीन, रजत ने दो और सेंडी ने दो विकेट हासिल किए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मुन्ना इलेवन के खिलाड़ी सतनाम को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने विजेता टीम को डेढ़ लाख रुपए की नगद राशि और उपविजेता टीम को एक लाख रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब क्रिकेट लवर्स बिलावर के बल्लेबाज मुर्तजा इकबाल को मिला। फाइनल मैच में अंपायर की भूमिका पवन चनौरिया और सन्नी ने निभाई।