बिलावर। कोटी गांव की 2000 से अधिक आबादी को 15 वर्ष पहले सड़क सुविधा मिली थी लेकिन आज तक सड़क पर कोई भी यात्री वाहन नहीं चला। स्थानीय लेखराज, भूपेंद्र कुमार, भूषण, मखन लाल और राज कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने लगभग पांच करोड़ खर्च कर इलाके में सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई थी। मगर इतने वर्ष बीतने के बाद भी लोगों को सड़क सुविधा का फायदा नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर कोई भी यात्री वाहन नहीं चलने से लोगों को 100 साल पहले बनाई पुरानी पैदल ढकी वाले रास्ते से आवागमन करना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि सड़क संपर्क से पैदल एक घंटे का सफर करने के बाद लोग बिलावर कस्बे में पहुंचते हैं। लोगों ने बताया कि बिलावर कस्बे से उनके गांव के लिए बनाई गई सड़क लगभग 10 किलोमीटर लंबी है लेकिन आज तक यात्री वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई। लोगों ने सरकार से बिलावर से कोटी गांव के लिए मिनी बस की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। संवाद