हीरानगर। चड़वाल के मंदिर प्रांगण में जारी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के छठे दिन श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और उनके दिव्य चरित्र का भावपूर्ण वर्णन सुना। कथावाचक कुलदीप शास्त्री ने भगवान कृष्ण के जन्म से लेकर गोकुल में उनकी बाल लीलाओं से जुड़े रोचक प्रसंग सुनाए।
उन्होंने पूतना वध, शकटासुर मोचन, और माखन चोरी की कथाएं सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। उन्होंने कहा कि भगवान की बाल लीलाएं हमें यह सिखाती हैं कि जीवन के हर कठिन समय में धैर्य और विश्वास बनाए रखना चाहिए। उनकी लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में धर्म और सत्य का अनुसरण करने की प्रेरणा देती हैं।कथा के अंत में भजनों और आरती के साथ श्रीकृष्ण का गुणगान किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा का समापन शनिवार को होगा, जिसमें भगवान कृष्ण की महिमा और गीता उपदेश का वर्णन किया जाएगा। कथा के समापन पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।