एडवोकेट अजात शत्रु शर्मा एक बार फिर कठुआ बार एसोसिएशन के प्रधान बन गए हैं। शुक्रवार को हुई चुनावी प्रक्रिया में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अनमिंदर सिंह सलाथिया को 13 मतों से पराजित कर एक साल के लिए प्रधान पद की कुर्सी पर कब्जा बना लिया है। जिसके बाद ढोल नगाड़े के साथ पहुंचे उनके समर्थक बार सदस्यों ने फूलमाला पहनाकर दोबारा मिली जीत के लिए उन्हें बधाई दी।
बार एसोसिएशन के चुनाव में मुख्य निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ एडवोकेट बलबीर सिंह ने बताया कि इस चुनावी प्रक्रिया के दौरान बार के 174 सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग करना था। 11 बजे से 3 बजे शाम तक चली इस प्रक्रिया में कुल 165 सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसमें से 89 वोट एडवोकेट अजात शत्रु शर्मा को मिले और 76 वोट अनमिंदर सिंह सलाथिया ने हासिल किए। इस प्रकार एडवोकेट अजात शत्रु शर्मा ने 13 मतों से जीत हासिल की है।
वहीं दोबारा प्रधान का चुनाव जीतने पर अजात शत्रु शर्मा ने चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले सभी बार सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि गत दिनों बार के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने उन पर कुर्सी के मोह में जकड़े होने का आरोप लगाया था। अब चुनाव में मिली जीत से उन्हें जवाब मिल गया होगा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मिली जीत उनकी नहीं वरन सभी बार सदस्यों की है। वह अपने पूर्व के कार्यकाल की तरह की इस बार फिर से बार सदस्यों की समस्याओं के समाधान करने के लिए प्रयास जारी रखेंगे।