छन्न अरोड़ियां पंचायत में पेयजल संकट का सामना कर रहे लोगों ने शुक्रवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग की ओर से नई पाइपलाइन तो बिछाई गई, लेकिन कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। इसकी वजह से परेशानी बनी हुई है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता केआर रैना ने कहा कि पंचायत में सप्ताह में एक या दो बार पानी सप्लाई होता है। इसकी वजह से आम लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी पंचायत की वार्ड 1,4,9 में विभाग की ओर से नई पाइप लाइन बिछाई गई है। लेकिन लोगों को कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों से बात भी की, लेकिन कोई हल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विभाग इसी तरह से लापरवाह रहा, तो गर्मी में यहां पानी की किल्लत और बढ़ सकती है। अगर ऐसा हुआ तो हम विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। प्रदर्शन में भगत राम, राजकुमार, भूपेंद्र शर्मा, रमेश चंद्र, केवल कृष्ण, रविंद्र गुप्ता, कविता रानी, ललित शर्मा, रानी गुप्ता, रानो देवी, रीता देवी आदि शामिल रहे।