बसोहली में अधिकारियों से समक्ष गांव की समस्याएं लोग पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : KATHUA
बसोहली। बैक-टू-विलेज चरण-तीन के तहत रविवार को बसोहली, शीतलनगर और धार महानपुर की पंचायतों में कार्यक्रम हुए। विजिटिंग अधिकारियों ने पंचों, सरपंचों और बीडीसी चेयरमैन के साथ विभिन्न सरकारी कार्यालयों सहित स्थानों का निरीक्षण किया। इसके अलावा कुछ विकास कार्यों के नींव पत्थर रखे और कुछ का उद्घाटन किया।
पंचायत शीतलनगर में हुई ग्राम सभा में विजिटिंग अधिकारी ने ब्लॉक में जारी विकास कार्यों का जायजा लिया। समान ब्लॉक में क्षतिग्रस्त बिजली के पोल बदलने का काम किया गया जिन पर करीब 2 लाख रुपयें का खर्च हुआ। वहीं 15वें वित्त आयोग के तहत 1.80 लाख रुपये से बावली के मरम्मत कार्य शुरू करवाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बसोहली, शीतलनगर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश करवाया गया। पंचायत समान के वार्ड-सात में 2 लाख रुपये की लागत से कूहल का निर्माण कार्य आरंभ करवाने सहित 3.50 लाख रुपये खर्च कर बनाए ट्रैक्टर रोड का भी उद्घाटन किया गया।
पलाही पंचायत में विजिटिंग अधिकारी ने वॉलीबाल और बैडमिंटन खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करवाया। पंचायत शंकर के सालकी गांव में तालाब का मरम्मत कार्य शुरू करवाया। इसके अलावा सांधर-कौल तक बनाए फुटपाथ को जनता को समर्पित किया गया। कोट में जोडे़यां माता मंदिर मार्ग के निकट टॉयलेट कांप्लेक्स का उद्घाटन कर उसे लोगों को समर्पित किया। इसके अलावा नगरोटा में विजिटिंग अधिकारी ने पंचों-सरपंच के साथ सेनेटरी कांप्लेक्स का नींव पत्थर रखा।
बीडीओ के आश्वासन के बाद कार्यक्रम में शामिल हुए लोग
बैक-टू-विलेज के पहले दो चरणों के कार्यों के पूरा न होने पर प्लासी पंचायत के लोग चरण तीन के बहिष्कार की योजना बना रहे थे, लेकिन बीडीओ बसोहली रंजीत कौर को इसके बारें जानकारी मिल गई और वह लोगों के पास पहुंच गई। उन्होंने उन्होंने पूर्व के कार्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह जानकारी पंचायत प्लासी के सरपंच रमेश चंद्र ने दी।