कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज में एनएसएस के विशेष शीतकालीन शिविर का आयोजन जारी है। सोमवार को शहर से सटे लोगेट गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान और एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।
सोमवार को गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। सरकारी हाई स्कूल, लोगेट से शुरू होने वाली इस रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागी स्वयंसेवियों ने मुख्य चौक तक लोगों को अपने स्लोगन लिखे बैनर और प्ले कार्ड के माध्यम से जागरूक किया। इस रैली में स्थानीय निवासियों की उत्साही भागीदारी ने रैली को प्रभावशाली बना दिया।
विज्ञापन
वहीं, इसके बाद स्वयंसेवियों ने नुक्कड़ नाटक पेश कर ग्रामीणों को उन्हें नशीली दवाओं और शराब से दूर रहने का संदेश दिया। कहा कि मादक द्रव्यों का सेवन न करके ही स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना कर सकते हैं। यह पहल नशा मुक्त भारत के निर्माण और युवाओं को बेहतर जीवन के लिए विकल्प चुनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक कदम था।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलबीर सिंह ने बताया कि आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. सीमा मीर के मार्गदर्शन में किया गया जिसमें उनके साथ प्रो. अरविंद कुमार और डॉ. प्रीतिमा सांगरा ने समग्र देखरेख की है। इसका उद्देश्य ड्रग्स और शराब की लत के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाना है।