संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पीएम श्री मिडिल स्कूल-ए के विद्यार्थियों ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और आईआईडी सेंटर सिकॉप गोविंदसर स्थित एक औद्योगिक इकाई का दौरा कर व्यावसायिक शिक्षा के बारे में जानकारी हासिल की। सोमवार को जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगतराम शर्मा ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री श्री कंपोनेंट एक्सपोजर टू वोकेशनल एजुकेशन के तहत अगल-अलग शिक्षण संस्थानों का दौरा करवाया जा रहा है, ताकि वे तकनीकी शिक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल कर सके। आईटीआई के व्यावसायिक शिक्षा दौरे में छठी से लेकर आठवीं तक के दर्जनों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर आईटीआई कठुआ के प्रशिक्षकों ने छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा को लेकर रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने इस मौके पर संस्थान में स्थापित की गई विभिन्न मशीनों सहित वेल्डिंग मशीन, एसी, फ्रिज, कोल्ड स्टोरेज, ड्रिलिंग मशीन, कंप्यूटर, वायरिंग मशीन, इलेक्ट्रिक पैनल आदि के बारे में गहनता से अध्ययन भी करवाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को गोविंदसर स्थित एक औद्योगिक इकाई का भी भ्रमण करवा कर उत्पादन के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
वहीं, जोनल शिक्षा अधिकारी स्नेह लता ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य पारंपरिक कक्षा सीखने और उद्योग की मांगों के बीच की खाई को पाटना है, ताकि विद्यार्थियों को व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध तकनीकों और प्रथाओं से अवगत कराया जा सके। इस मौके पर स्कूल हेडमास्टर कुलदेश कुमारी और स्कूल की शिक्षक भी मौजूद रहे।