लखनपुर का औचक दौरा करते ट्रांस्पोर्ट आयुक्त
-परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए परिवहन आयुक्त ने किया लखनपुर का दौरा
संवाद न्यूज एजेसी
कठुआ। प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट (एमवीडी) की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसी के तहत हाईवे पर एआरटीओ एनफोर्समेंट की नियुक्ति कर दी गई है। कुछ दिन पहले जहां स्टाफ की बदली कर दी गई थी, वहीं देर रात परिवहन आयुक्त ने लखनपुर का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने दो संकेत दिए कि विभागीय कार्यप्रणाली को दुरूस्त कर दिया जाएगा। कहीं भी आने वाले समय में विभाग के संबंध में शिकायत नहीं मिलेगी और जरूरत पड़ी तो शेष स्टाफ को भी बदला जाएगा। देर रात 12 बजे के लखनपुर पहुंचे आयुक्त विशेष पॉल महाजन ने प्रदेश के बाहर से आने वाले वाहनों के साथ ही उनकी जांच की प्रक्रिया की मौके पर पहुंचकर जांच की। अधिकारी के औचक निरीक्षण से विभाग में भी हड़कंप मचा रहा।
उन्होंने प्रदेश में दाखिल होने वाले वाहनों का रूट जांचने के बाद अधिकारियों से वाहनों की जांच प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने साफ किया कि जम्मू कश्मीर प्रदेश के प्रवेशद्वार पर आने वाली अनियमितता की शिकायत की जांच के लिए उन्होंने आज उन्होंने इसका दौरा किया है। जिसमें उन्होंने विभाग की ओर से यहां तैनात किए गए कर्मचारियों की कार्य प्रणाली को नजदीक से देखा है। जिसमें पाई जाने वाली खामियों को दूर किया जाएगा। ताकि यहां सकारात्मक बदलाव आएं।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर आ रही शिकायतों के मद्देनजर यहां तैनात कुछ कर्मचारियों को बदला गया है। इसके अलावा एआरटीओ हाइवे एनफोर्समेंट की भी ड्यूटी लगाई है। जो व्यवस्था के साथ वाहनों के परिचालन पर नजर रखेंगे। इसके अलावा अब ऐसी व्यवस्था भी की जा रही है, जिसमें दस्तावेजों से लेकर अन्य किसी भी तरह से अनफिट वाहनों को जम्मू कश्मीर में प्रवेश न मिले। आने वाले दिनों में ऐसे वाहनों को प्रवेशद्वार पर रोक दिया जाएगा। वहीं उन्होंने नियमों की अवहेलना कर दौड़ने वाले टिप्परों और डंपरों पर भी जल्द कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया है।