किशनपुर कंडी पंचायत के सरपंच कुलदीप सिंह काका पर 26 मई को हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का तीसरा आरोपी वीरवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार पंचायत में विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान तीन लोगों ने सरपंच पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने हमीरपुर से गिरफ़्तार कर लिया है। जिसकी पहचान शाम मूर्ति उर्फ शामू निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी के गांव में छुपे होने की सूचना मिलने के बाद बॉर्डर डीएसपी सचित महाजन और एसएचओ भूपेंद्र सिंह ने टीम के साथ छापा मारा।
पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल है। इस पर जिले के विभिन्न थानों के अलावा दिल्ली में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कठुआ थाना में छह, राजबाग में तीन और दिल्ली में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।