सब्जी के नीचे छुपाए गए थे पशु किए जा रहे थे तस्करी
हीरानगर। फल और सब्जियों की आड़ में पशु तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सोमवार को ट्रक में ठूंसकर ले जाए जा रहे 15 मवेशियों को मुक्त कराया। हालांकि आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
हीरानगर पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका जांच के दौरान एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। चालक ट्रक को नाके से कुछ दूर पहले ही खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें फल और सब्जियों के बीच 15 मवेशी मिले। पुलिस के अनुसार मवेशियों को फल और सब्जियों के बीच क्रूरता से ठूंसकर रखा गया था। हालत यह थी कि ट्रक से उतारने के बाद कई मवेशी अपने पैरों पर कुछ समय तक खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। पुलिस ने सभी मवेशियों को कीड़िया गंडयाल स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित गोशाला में भेज दिया।
थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।