आतंकी हमले पर पाकिस्तान के खिलाफ रोष जताते हुए
- फोटो : अमर उजाला
नगरोटा व रामगढ़ के चमलियाल में आतंकी हमले पर नारी शक्ति जागृति मंच के सदस्यों ने मुखर्जी चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान का झंडा जलाया और आतंकियों के शव जलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए मंच के कानूनी सलाहकार हरदेव सिंह मुसाफिर ने गत दिवस दोहरे आतंकी हमले पर रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी भूमि को आतंक की पनाहगार बना रखा है। हर बार पाकिस्तान की तरफ से हमले हो रहे हैं।
संघर्ष विराम के बाद जिस तरह से पाकिस्तान हरकतें कर रहा है, वह एक सभ्य देश के हालात नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को हर तरह से आतंक को पोषित करने से बचना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिन आतंकियों को आतंक फैलाने के लिए भेजा था, उनका कोई धर्म नहीं है। लिहाजा उनके शवों को दफनाने के बजाए जलाया जाए। साथ ही यह चिंताजनक है कि भारत को इन हमलों की भनक तक नहीं लगी। इससे पहले भी कई जगहों पर हमले हो चुके हैं। सुरक्षा के ऊपर यह बड़ा सवाल है।
जो कीमती जानें गई हैं, उनके परिवार के साथ सहानुभूति प्रकट करते हैं। वहीं, मंच की अध्यक्ष सुषमा महाजन ने कहा कि पाकिस्तान की जितनी निंदा की जाए, वह कम हैं।
उन्होंने कहा कि आतंकी हमले में शहीदों को नमन है। इस दुखद घटना से पूरे देश में शोक की लहर है। आखिर कब तक सीमा पर हमारे जवान यूं ही शहादत का जाम पीते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को इस संबंध में उचित कदम उठाने चाहिए।