बाबा बर्फानी के भक्तों से मोटर व्हीकल विभाग द्वारा एंट्री टैक्स एक बार फिर गले की फांस बन गया है। यात्रा शुरू होने से पहले जहां भोले बाबा के भक्तों ने रियायती एंट्री टैक्स की मांग की थी, वहीं अब राज्य में तनावपूर्ण हालात के बीच देरी से लौट रहे वाहनों को टैक्स की मोटी रकम चुकाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसी ही मामला मंगलवार को उस समय प्रकाश में आया जब लखनपुर में पहुंचे अमरनाथ श्रद्धालुओं ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बीकानेर राजस्थान से आए राहुल गुर्जर ने बताया कि भोले बाबा के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर में दो जुलाई को आए थे। एमवीडी ने माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए तीन दिन का रियायती टैक्स वसूल किया था। इसके बाद उन्होंने भोले बाबा के भी दर्शन किए। कश्मीर में बिगड़े हालात के बीच उनका वाहन तीन दिन तक फंसा रहा। मंगलवार को लखनपुर पहुंचने पर विभाग उनसे सात दिन का अतिरिक्त एंट्री टैक्स वसूल रहा है, जो सीधे तौर पर गलत है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल अन्य भक्तों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भक्तों को परेशान करने का आरोप लगाया। इस संबंध में पूछे जाने पर आरटीओ अमरजीत सिंह ने बताया कि भक्तों से माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए तीन दिन का रियायती एंट्री टैक्स वसूल किया गया था। लेकिन, ये श्रद्धालु सात दिन देरी से लौटे, ऐसे में विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए वाहन के दस्तावेज अपने पास रखकर उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी है।