भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सभी रूट सील कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी खुफिया इनपुट के आधार भारतीय सीमा के ठीक सामने पाकिस्तानी गांव में काफी अधिक संदिग्ध हलचल देखी जा रही है।
इससे साफ है कि आतंकी घुसपैठ की कोशिश को अंजाम देने की फिराक में हैं। खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के ठीक सामने पाकिस्तानी गांव में चार से पांच लोगों के दल को पिछले पंद्रह दिन में कई बार घूमते देखा गया है। यही नहीं, कई बार पाकिस्तानी रेंजरों के वाहन में भी कुछ लोग सीमा से सटे इलाकों में लगातार देखे जा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो इनपुट जारी होने के बाद सभी थानों के साथ-साथ महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है। ऐसा अंदेशा है कि आतंकी सीमा पार कर जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
खुफिया इनपुट के अनुसार स्कूल और बड़ी इमारतें भी आतंकियों के निशाने पर हो सकती हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। ऐसी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है।
उधर, सीमावर्ती इलाके से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग को आने वाले सभी मार्गों पर कड़ी नाकेबंदी की जा रही है। रात के समय शहर के सभी इंट्री प्वाइंट सील कर सेना के हवाले कर दिए गए हैं। वहीं सीमा पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।