जिला में गेहूं खरीद के लिए बनाई गई मंडियों की व्यवस्था जांचने के लिए डीसी राहुल यादव के निर्देश पर गठित मुख्य कृषि अधिकारी विजय कुमार उपाध्याय और सहायक नियंत्रक कानूनी माप विज्ञान कुलदीप राज की टीम ने मंडियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों विभागों की टीम ने नगरी और पल्ली मोड़ में बनाई गई मंडियों का निरीक्षण किया।
मंडियों में सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान कुलदीप राज ने अपने कर्मचारियों के साथ नगरी और पल्ली उपार्जन केंद्रों पर तौल मशीनों की जांच की। इस जांच के दौरान पाया गया कि नगरी स्थित मंडी में जिस तौल मशीन का उपयोग किया जा रहा है, वह विभाग से सत्यापित ही नहीं है। इसके बाद उन्होंने असत्यापित तौल मशीन का उपयोग करने पर दो हजार रुपये जुर्माने के तौर वसूले और एफसीआई ठेकेदार को आगे जुर्माने से बचने के लिए तौल मशीन का तुरंत सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न खरीद केंद्रों पर किसी भी त्रुटि से बचने के लिए तौल मशीनों को समतल स्थान पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को अपनी उपज का वजन करते समय सतर्क रहने के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अगर उन्हें तौल में किसी प्रकार का संदेह है, तो वह सूचना कानूनी माप विज्ञान या कृषि सुविधा केंद्र के कार्यालय में दें।
वहीं, मुख्य कृषि अधिकारी विजय कुमार उपाध्याय ने विभिन्न खरीद केंद्रों पर तैनात कृषि विभाग के कर्मचारियों को हर किसान को खरीद की प्रक्रिया में सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज को निर्धारित खरीद मंडियों में बेचते समय अधिकतम सहजता से रहना चाहिए।