कोरोना महामारी से बने हालात के दौरान जीएमसी कठुआ में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई द्वारा पंडित दीनदयाल रसोई घर की शुरुआत की गई है। मरीजों और उनके तीमारदारों को दोनों टाइम निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के लिए पार्टी के जिला प्रधान गोपाल महाजन ने अन्य पदाधिकारियों के साथ शुरू करवाया।
जिला प्रधान ने कहा कि पार्टी के आदेशानुसार जिला इकाई द्वारा कोरोना महामारी के दौरान आम लोगों की सुविधा के लिए कई तरह के सेवा कार्य कर रही है। इसमें लोगों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया जा रहा है। वहीं लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी जगह-जगह जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता अपनी सेवा निरंतर दे रहे हैं। इसी क्रम में इस रसोई का शुभारंभ किया गया है, जिसमें लॉकडाउन की स्थिति में अपने परिजनों को लेकर उपचार के लिए पहुंचे जीएमसी कठुआ में सभी मरीजों और तीमारदारों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें भोजन जैसी समस्या से दो-चार न होना पड़े।
कठुआ नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के साथ ही नगर परिषद में शहर में विभिन्न जगह पर अपने सेवा कार्यों को शुरू कर दिया था। इसमें जगह जगह सैनिटाइजेशन करवाया गया। साथ ही शहर के अलग-अलग वार्डों में मास्क का वितरण भी किया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जीएमसी कठुआ में परिषद की तरफ से एक एंबुलेंस लगाई गई है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में सफाई के लिए चार सफाई कर्मचारियों को तैनात गया है। इसे अब तभी हटाया जाएगा, जबकि कोरोना से निजात मिल जाएगी।