बसोहली। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए बसोहली प्रशासन जरूरी तैयारियों करने में जुट गया है। इसी कड़ी में बुधवार को एडीसी कार्यालय में बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एडीसी तिलक राज थापा ने पीएमजीएसवाई के एईई व जेई को निर्देश दिए कि बरसात के दिनों में कोई भी सड़क बंद न हो। इस बात का विशेष ध्यान रखें, ताकि यात्री वाहनों व आम लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। एईई को कहा कि सड़कों को बनाते समय जो भूमि ली जाती है, उसके मुआवजे के बाद ही आगे का काम शुरू करें।
खंड चिकित्सा अधिकारी अनुराधा केरनी ने बताया कि पीएचसी करनवाड़ा की इमारत का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। जिस पर लोक निर्माण विभाग के जेई ने कहा कि फंड की कमी के कारण काम लटका हुआ है। एडीसी ने इस संदर्भ में खंड चिकित्सा अधिकारी को फंड उपलब्ध कराने के लिए सीएमओ कठुआ को पत्र लिखने को कहा।
वहीं, खंड चिकित्सा अधिकारी को आगामी मानसून सीजन को देखते हुए क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध कराने व यह सुनिश्चित करने को कहा कि डॉग वाइट, स्नेक बाइट, आदि की दवाइयों की उपलब्धता सुचारू हो। और, यह भी सुनिश्चित करें कि ये सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हों।
एडीसी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी विकास कार्य को शुरू करने से पूर्व भूमि स्टेटस सर्टिफिकेट रेवेन्यू विभाग से प्राप्त करें, ताकि विकास कार्य कराने में कोई परेशानी न हो। वार्ड 11 में बीते दिनों ट्रांसफार्मर को दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने के मसले पर पीडीडी विभाग के एईई को निर्देश दिए कि इसकी रिपोर्ट बनाकर जमा करें।
साथ ही, बिजली व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए, और बिजली की लाइनों में कहीं भी फॉल्ट या अन्य खराबी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए, ताकि लोग इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर बिजली विभाग को तत्काल जानकारी दे सकें। जलशक्ति विभाग के एईई से कहा कि क्षेत्र में कई हिस्सों में पानी की सप्लाई सही ढंग से नहीं हो पा रही है। लोगों की तरफ से लगातार इसकी शिकायतें मिल रही हैं। लिहाजा पेयजल समस्या को दूर करने और इसे सुचारू रखने के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि क्षेत्र में भूजल विभाग के जो हैंडपंप खराब पड़े हैं, उन्हें ठीक कराने के लिए पत्र लिखा गया है। जल शक्ति विभाग को भी इस संदर्भ में पत्र लिखने को कहा गया। खाद्य आपूर्ति विभाग के टीएसओ को सभी राशन डीलरों, स्टोरों के पास पर्याप्त मात्रा में राशन कोटा उपलब्ध कराने को कहा। एडीसी ने बताया कि कोई भी अधिकारी एडीसी कार्यालय में बिना बताए छुट्टी पर न जाए।