बिलावर। नगर कमेटी की ओर से शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया। वहीं, एडीसी बिलावर के नेतृत्व में नगर कमेटी की टीम ने कस्बे के अलग-अलग वार्डों में घूम कर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान एडीसी ने खुद कूड़ा उठाया और उसे डस्टबिन में बनाकर स्वच्छता रखने का संदेश दिया।
इससे पूर्व, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में एक कदम स्वच्छता की ओर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने शौच के लिए बाहर न जाएं, शौचालय का ही प्रयोग करें। पॉलीथीन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है ,जल ही जीवन है आदि विषयों पर दृश्य पेश कर जागरूक किया। एडीसी बिलावर विनय खोसला ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों के बीच चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
नगर कमेटी की टीम ने कस्बे के अलग-अलग वार्डों में घूम कर डस्टबिन का प्रयोग करने, कचरा इधर-उधर ना फेंकने को लेकर नगर वासियों को जागरूक किया। इस अवसर पर मौजूद कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सभी लोगों में स्वच्छता का भाव उत्पन्न होने पर क्षेत्र न केवल साफ रहेगा बल्कि इससे कई तरह की बीमारियों से भी निवासियों को मुक्ति मिलेगी।