- इच्छुक उद्यमी को अपने उद्यम स्थापित करने में सहायता करेंगे, जिला प्रशासन ने युवा दूतों की चयन प्रक्रिया शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। मिशन युवा के तहत पंचायत स्तर पर बेरोजगार युवाओं की युवा दूतों के माध्यम से कौशल विकास के अवसर सहित रोजगार सहायता और उद्यमशीलता में मदद दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने युवा दूतों की चयन प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।
यह युवा दूत पंचायत स्तर पर जिला प्रशासन की ओर से चिन्हित इच्छुक उद्यमी को अपने उद्यम स्थापित करने में मदद करेंगे। बता दें कि हाल ही में जिला प्रशासन की ओर से गांव स्तर पर सर्वे करवा कर कई सारे बेरोजगार युवाओं को चिन्हित किया गया था। जिन्होंने अपने उद्यम स्थापित करने में इच्छा जाहिर की थी। वीरवार को इस संबंध में अतिरिक्त जिला विकास उपायुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा ने मिशन युवा के तहत बैठक की।
इसमें कौशल-आधारित विकास इकाई (एसबीडीयू) और ब्लॉक हेड डेवलपमेंट (बीएचडी) टीमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का एजेंडा युवा दूतों का चयन करना था, जो जमीनी स्तर पर पहुंच कर और मिशन युवा के निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। निर्णय लिया गया कि युवा दूतों की चयन प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता से की जाएगी। चयन के लिए उल्लिखित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि मिशन युवा जम्मू-कश्मीर सरकार की एक हैंड-होल्डिंग योजना है। जिसका उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के अवसर, रोजगार सहायता और उद्यमशीलता में मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। बैठक का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि सबसे पहले इच्छित लाभार्थियों तक पहुंच कर उनको हर तरीके की मदद उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में जिला मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, डीडीएम नाबार्ड अमित कुमार, सहायक निदेशक रोजगार और परामर्श सेल कठुआ पीयूषा खजूरिया और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।