हनुमान जयंती के दौरान निकाली शोभायात्रा पर हुए पथराव की घटना पर रोष जताते शिवसेना जम्मू कश्मीर व
- फोटो : KATHUA
कठुआ। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती के मौके पर निकाली जा रही शोभा यात्रा पर हुए पथराव का शिवसेना जम्मू कश्मीर डोगरा फ्रंट ने कड़ा रोष जताया है। शनिवार को फ्रंट के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस मौके पर फ्रंट के राज्य प्रमुख अशोक गुप्ता ने घटना पर अपना रोष जताते हुए कहा कि इस पथराव की घटना के माध्यम से देश की बहुसंख्यक आबादी की भावना का अपमान किया गया है। इस तरह की घटना को रोकने के बजाए नेताओं द्वारा जिस तरह के बयान दिए जा रहे है, उससे हिंदू समुदाय का गुस्सा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस को केंद्र सरकार के गृहमंत्रालय के अधीन बताकर घटना से अपना पल्ला झाड़ लिया है। हिंसा करते हुुए उपद्रवियों ने पुलिस के जवानों और आम लोगों को निशाना बनाया। साथ ही वाहनों को आग के हवाले कर दिया। उपद्रवियों पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकारों की तरह ही अगर कड़ी कार्रवाई नही हुई तो आने वाले दिनों में पूरे देश में उपद्रवियों के हौसले बढ़ेंगे। वहीं, फ्रंट के जिला प्रमुख नरेंद्र तागड़ी ने कहा कि शोभायात्रा पर पथराव एक साजिश के तहत किया गया है। घटना के बाद कई वीडियो, फोटो उपलब्ध हैं। ऐसे में दोषियों पर जांच कर कार्र्रवाई की जाए। इस मौके पर मोहन लाल, लाल जी, दीपू सैनी, अनिल पांडेय, राजेंद्र चिब, शशि शर्मा आदि नेता उपस्थित रहे।