जिला में सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज होती जा रही है। शनिवार को पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 53 चालान किए और उनसे 20 हजार 900 रुपये जुर्माना भी वसूला है।
कार्रवाई के संबंध में एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल ने बताया कि उनकी पुलिस टीम ने कठुआ थाना क्षेत्र में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले 20 लोगों के चालान करते हुए उनसे 7 हजार रुपये जुर्माने के तौर पर वसूला है। इसी तरह नगरी क्षेत्र में भी 20 चालान करते हुए पुलिस ने 10 हजार जुर्माना वसूला है।
हटली क्षेत्र में 13 लोगों के चालान काटते हुए 3 हजार 900 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूला है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर वह पुलिस की कार्रवाई से बचना चाहते हैं तो उन्हें सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना ही होगा।