कठुआ। केंद्र शासित प्रदेश बनने के साथ ही बिजली विभाग खामियों को दूर करने में जुट गया है। जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से मिले सख्त निर्देश के बाद जिले में एक साल से अधिक समय एक ही जगह पर तैनात रहने वाले मीटर रीडरों के तबादले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सरकार की ओर से विभागीय अधिकारियों को ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन लासिज कम करने व बिजली का पूरा किराया वसूलने के निर्देश जारी हो चुके हैं।
जिले में विभाग ने इसे अमल में लाना भी शुरू कर दिया है। विभाग के कार्यकारी अभियंता मोहम्मद शफी के निर्देश पर विभिन्न सबडिवीजन में अभियान चलाया गया। सहायक कार्यकारी अभियंताओं के नेतृत्व में गठित टीमों ने बकाया किराये को वसूलने के साथ ही अवैध कनेक्शनों को भी काटा है। जिलेभर में कुल 238 बिजली कनेक्शन काटने सहित 12.96 लाख रुपये बकाया भी वसूला है।
अधिकारी ने बताया कि जो अभियान शुरू किया गया है वह आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान कठुआ सब डिवीजन में 151 अवैध/डिफाल्टर कनेक्शन काटने के साथ ही 10.70 लाख रुपये बकाया वसूला गया है। हीरागन सब डिवीजन में 73 कनेक्शन काटने के साथ ही 1.40 लाख, बिलावर सबडिवीजन में तीन कनेक्शन काटे और और 50 हजार रुपये बकाया, बसोहली में छह कनेक्शन काटे और 24 हजार बकाया व रामकोट में पांच कनेक्शन काटने सहित 12 हजार रुपये बकाया वसूला गया है।