फैसले के विरोध में नारेबाजी करते बार एसोसिएशन कठुआ के सदस्य। अमर उजाला
- फोटो : KATHUA
कठुआ। प्रदेश प्रशासन के भूमि पंजीकरण के अधिकार राजस्व विभाग सौंपे जाने के विरोध में वकीलों की हड़ताल 13वें दिन भी जारी रही। कोर्ट परसिर में नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठक वकीलों ने उपराज्यपाल से जल्द मामले का हल निकालने की मांग दोहराई।
जिला व सत्र न्यायालय कठुआ में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजात शत्रु शर्मा ने कहा कि भूमि पंजीकरण के अधिकार न्यायिक अधिकारियों से छीन राजस्व अधिकारियों को सौंपने से आम लोगों को परेशानी होगी। सरकार अपने गलत निर्णय पर विचार करते हुए जल्द इसे वापस ले या विरोध कर रहे वकीलों के साथ वार्ता कर कोई हल निकाले। कहा कि बेहद सुचारू ढंग से चले काम को तानाशाही रवैए के तहत फैसला लेकर जनमानस को परेशान किया जा रहा है। शासन के इस कदम से जनता में भ्रम और अराजकता की भावना पैदा हो रही है। बार एसोसिएशन ने प्रदेश के उपराज्यपाल जीसी मुर्मू से अपील की कि जल्दबाजी में लिए गए फैसलों पर पुनर्विचार कर लोगों को परेशानी से निजात दिलाएं।