कठुआ। नगर परिषद कठुआ द्वारा पॉलीथिन का उपयोग रोकने को चलाई गई मुहिम के अंतर्गत बुधवार को भी शहर के मुख्य बाजार में निरीक्षण कर 65 किलो पॉलीथिन जब्त किया। परिषद के अधिकारियों ने लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने की अपील भी की। इस दौरान रेहड़ी-फड़ी वालों को प्रशासन द्वारा मुहैया कराई गई जगह पर ही रेहड़ी व फड़ी लगाने को भी कहा।
परिषद की टीम ने अभियान के दौरान मुखर्जी चौक व मुख्य बाजार की कई दुकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान परिषद की टीम ने दुकानों से पॉलीथिन को जब्त किया। चेतावनी दी कि भविष्य में पॉलीथिन पकड़े जाने पर जुर्माना भी किया जाएगा। परिषद की उपाध्यक्ष रेखा देवी ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि परिषद सुप्रीम कोर्ट के पॉलीथिन पर पाबंदी के निर्देशों का पालन करते हुए शहर में नो पॉलीथिन अभियान चलाया हुआ है। इसी संबंध में नगर परिषद समय-समय पर औचक निरीक्षण करती है। उपाध्यक्ष ने मुख्य मार्ग और फुटपाथ पर बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को भी चेतावनी देते हुए प्रशासन द्वारा मुहैया कराई गई जगह पर जाने को कहा। ऐसा न होने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जाएगी। उन्होंने कहा रास्ते पर रेहड़ी फड़ी लगने के कारण आए दिन जाम लगता है और आने जाने वाले राहगीरों को भी परेशानी होती है। उन्होंने रेहड़ी फड़ी वालों से अपील करते हुए कहा कि शहर को साफ सुथरा रखने और सुंदर बनाने में परिषद का साथ दें।
अभियान में परिषद की उपाध्यक्ष रेखा देवी के अलावा नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के इंस्पेक्टर व नगर परिषद के अन्य कर्मचारी शामिल थे।