विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट ने हाल ही में हटली मोड़ इलाके में लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने से हुई दुर्घटना के मामले में आरोपी वाहन चालक को सशर्त जमानत दी है। आदेश के अनुसार आरोपी को जमानत के लिए दस हजार का व्यक्तिगत बांड और समान राशि का जमानती बांड देना होगा।
कोर्ट में पुलिस की ओर से दायर रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी गुरदेव सिंह पुत्र करमजीत सिंह निवासी मुलियांवाली फाजिका पंजाब पर आरोप है कि दुर्घटना के दिन अपने वाहन पंजीकरण पीबी 22 एक्स -1363 को लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए सड़क किनारे दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। जिसके बाद हटली पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा में मामला दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। बीते 13 अक्टूबर को आरोपी ने अपने वकील द्वारा कोर्ट में जमानत अर्जी दायर कर उसकी रिहाई की मांग की। आरोपी के वकील ने जमानत याचिका में दावा किया कि उसके मुव्वकिल के खिलाफ पुलिस ने झूठा और दुर्भावनापूर्ण मामला दर्ज किया है तथा अभियुक्त न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने को तैयार है। अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी अभी तक फरार है और जमानत मिलने पर वह साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर सकता है। बीते 17 अक्टूबर को जमानत याचिका पर सुनवाई को दौरान न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि आरोपी पर लगाई गई संबंधित धाराएं जमानती हैं और आरोपी को जमानत देना उसका अधिकार है। न्यायालय ने यह भी कहा कि जब तक दोष सिद्ध नहीं होता, आरोपी को निर्दोष माना जाता है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपित अपराध न तो आजीवन कारावास और न ही मृत्युदंड से दंडनीय हैं। जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी को सशर्त जमानत का फैसला सुनाया गया।