मिनी बस हादसे में घायल महिला जीएमसी में उपचाराधीन।
- जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा, घायल लोग शादी समारोह से लौट रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिनी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं, इसमें सवार तीन महिलाओं सहित एक किशोर बुरी तरह से घायल हो गया। घायल हुए लोग शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे।
रविवार देर रात हाईवे पर सक्ता चक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दयालाचक से कठुआ की ओर आ रही मिनी बस सक्ता चक के पास ट्रक से टकरा गई। इस घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद घायलों को जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान 14 वर्षीय रुद्र शर्मा पुत्र राकेश कुमार, 40 वर्षीय अनुराधा पत्नी शमशेर सिंह, 40 वर्षीय शबनम पत्नी सूरत सिंह, 39 वर्षीय सुमन सलारिया पत्नी संजय सिंह सभी निवासी बुद्धि मेरथा के रूप में हुई है।
घायलों के अनुसार वह लोग दयालाचक में होने वाली शादी के समारोह में गए थे। देर रात को जब वह वापस लौट रहे थे तो मिनी बस में कुल 15 लोग सवार से थे। जो शादी समारोह के बारे में आपस में बात कर रहे थे। अचानक के उन्हें जोरदार लगे झटके के बाद उन्हें दुर्घटना का पता चला।
..............
हाईवे पर सिंगल लेन ट्रैफिक और डायवर्जन बना हादसे का कारण
हाईवे पर सिंगल लेन ट्रैफिक और डायवर्जन आए दिन हादसों का कारण बन रहा है। दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे का चल रहा काम और हाईवे के विस्तारीकरण के बीच कठुआ जिले में कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन के साथ साथ सिंगल लेन में चलाया जा रहा है। इससे कई बार वाहन चालक गफलत में आकर हादसे का शिकार होते रहे हैं। सक्ता चक में यह हादसा जहां हुआ कुछ दिन पहले ही यहां बिजली के हाई टेंशन टॉवर से ट्रक टकराया था। वहीं बारिश में ट्रक और महिंद्रा पिकअप वाहन भी हादसे का शिकार हुए थे।