संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के वार्ड 10 स्थित राजकीय मिडिल स्कूल के मैदान में बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव हो गया है। स्कूल के मैदान में होने वाले इस जलभराव से विद्यार्थियों के साथ स्टाफ सदस्यों की परेशानी में इजाफा हुआ है।
इस बारे में वार्ड के पूर्व पार्षद अजय कुमार ने बताया कि स्कूल के मैदान होने वाले जलभराव की समस्या करीब एक दशक पुरानी है जिससे यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी तो परेशान होते ही हैं वहीं, आसपास के युवाओं की खेल गतिविधियां भी ठप हो जाती है। क्योंकि वार्ड 10, 11 और 12 के बीच अगर खेलने के लिए उपयुक्त स्थान है तो यही खेल मैदान है।
उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस समस्या का समाधान करने के लिए नाले का निर्माण करवाया था। लेकिन पीछे से आने वाला पानी इतना ज्यादा होता है कि वह नाले से पूरी तरह से निकल नही पाता है। इससे मैदान में भरने वाला पानी कई-कई दिनों तक भरा रहता है। उन्होंने समस्या का निदान करने के लिए प्रशासन से कार्रवाई किए जाने की मांग की है।