कठुआ। जिले में बीते 24 घंटे में कई सड़क हादसे हुए। इस दौरान हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं। पहला हादसा नगरी पल्ली मार्ग पर निहालपुर के पास हुआ। इसमें 27 वर्षीय राकेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी बिगवां जखबड़ अपनी मोटरसाइकिल से नियंत्रण खोकर निहालपुर के पास सड़क के किनारे खड़ी मिक्सचर मशीन से जा टकराया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात हुई इस घटना के बाद उसे आनन-फानन में जीएमसी कठुआ में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, एक अन्य घटना लखनपुर में हुई, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र राजू निवासी हटली मोड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जीएमसी कठुआ के एसोसिएट अस्पताल में लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि तीसरा हादसा हटली मोड़ क्षेत्र में उस समय हुआ, जब मोटरसाइकिल और ट्रक की टक्कर हो गई। परिणाम स्वरूप मोटरसाइकिल सवार विकास पुत्र तिलक राज निवासी सावन चक की मौत हो गई।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर शकील बट पुत्र अहित बट निवासी श्रीनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य घटना बगियाल मोड़ के पास हुई। इसमें गौरव कुमार पुत्र अमीरचंद निवासी बगियाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा जखबड़ के पास एक मोटरसाइकिल फिसलने से उस पर सवार देव राज पुत्र करम चंद निवासी नगरी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, मग्गर खंड के पास हुई एक अन्य दुर्घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से मुमताज मलिक पुत्र बशीर अहमद निवासी बनी गंभीर रूप से घायल हो गया। इन सभी का उपचार जीएमसी कठुआ के एसोसिएट अस्पताल में जारी है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी।
जीएमसी कठुआ में भी हलचल भरी रही हादसों की रात
सड़क हादसों से भरी बीती रात जीएमसी कठुआ में भी काफी हलचल भरी रही। सड़क हादसे में मारे गए 18 वर्षीय आशीष कुमार के परिजनों को जब उसकी मौत का पता चला तो आनन-फानन में अस्पताल आए और बेटे की यकायक मौत पर उन्हें विश्वास नहीं हुआ। लिहाजा वह अपने मृत बेटे को पंजाब के निजी अस्पताल ले जाने की जिद करने लगे। मृतक की मां इस दौरान बेटे की मौत पर आपा खोने लगी। माहौल बिगड़ता देख तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची कठुआ महिला थाना प्रभारी संजीवनी ज्योति महिला पुलिस कर्मियों के साथ वहां आई और माहौल को शांत करवाया।
नेशनल हाइवे पर स्कूटी और ट्रक की टक्कर में दो घायल
कठुआ। नेशनल हाइवे पर जीएमसी कठुआ के पास ट्रक और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में स्कूटी पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार देर शाम हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि इससे स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद वहां जमा लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ के एसोसिएट अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान 30 वर्षीय गगन पुत्र महेंद्र पाल और 32 वर्षीय तिलक राज पुत्र रसाल दोनों निवासी गोविंदसर के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद