कठुआ। नगरी कस्बे से सटे मीरपुर राम में एक कृषि संबंधित सामानों की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया है। शुक्रवार की रात को हुई इस घटना में चोर दुकान में रखा नकदी सहित सीसीटीवी कैमरे व कई अन्य जरूरी सामान चुरा ले गए।
दुकानदार विजय शर्मा ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 9 बजे पर वह दुकान पर पहुंचे। दुकान अंदर देखा तो गुल्लक खाली पड़ा हुआ था। साथ ही दुकान में सामान भी इधर-उधर बिखरा हुआ था। अलग से रखे गए नगद 35 हजार रुपये की जांच की तो वह भी वहां से नदारद था। जिसके बाद उन्हें दुकान में चोरी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पूरे दुकान को देखा, तो वहां सुरक्षा के लिए लगाए गए 2 सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर के साथ-साथ इंटरनेट सुविधा के लिए लगाए गए उपकरण नदारद थे। जबकि दो अन्य कैमरा को तोड़ दिया गया था। शटर बंद होने के बाद दुकान में हुई इस तरह की हरकत कि जब उन्होंने जांच की। तो पाया कि छत पर जाने वाले रास्ते में लगे दरवाजे को तोड़कर उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसकी सूचना उन्होंने नगरी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें दुकान में हुई इस चोरी की घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस से यह जानकारी साझा की। पुलिस 2 घंटे के बाद आई। जबकि उनकी दुकान से पुलिस चौकी की दूरी आधा किलोमीटर भी नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब 2 वर्ष पूर्व हुई चोरी के मामले में भी अब तक पुलिस कोई बरामदगी नहीं कर पाई है। जिसके चलते सुरक्षा के प्रति चिंतित होना लाजमी है क्योंकि इस बार हुई चोरी में भी उन्हें करीब एक लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।