प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत बरोटा जोन में पहली बार आटा चक्की और ग्रेवी मशीन युक्त यूनिट की स्थापना की गई है। यह पहल स्थानीय महिला रेखा देवी ने करते हुए इस छोटे स्तर के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को शुरू कर न केवल आय और रोजगार का सृजन किया, बल्कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी एक प्रेरणादायक कदम उठाया।
रेखा देवी ने बताया कि उन्हें इस योजना के अंतर्गत 35 प्रतिशत की सब्सिडी मिली, जिससे उन्हें यूनिट की स्थापना करने में आसानी हुई। यह यूनिट स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही है। उन्होंने अन्य महिलाओं से अपील की कि वह भी आत्मनिर्भर बनें और उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाएं। क्योंकि यह पहल न केवल आर्थिक विकास की दिशा में एक कदम है बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को भी सशक्त करती है।
इस बारे में कृषि विभाग के एईओ ब्रिंदर गुप्ता ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में रुचि रखकर उद्यमी बनने की इच्छा रखने वाले अन्य लोग भी इसे अपना सकते हैं। उन्होंने योजना का लाभ लेकर एक उद्यमी बनने की राह पर निकली रेखा देवी को बधाई दी है।