बिलावर। सुकराला माता के बारीदारों के लाख विरोध के बावजूद प्रशासन ने शनिवार को मंदिर परिसर में रखे तमाम दानपात्रों को बल पूर्वक वहां से उठा लिया। इस दौरान बारीदारों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई बारीदार और पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से एक बारीदार वेद प्रकाश उर्फ बिटटू की नाजुक हालत को देखते हुए इलाज के लिए जम्मू मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। वहीं इस झड़प में एसडीपीओ बसोहली जगदेव सिहं, एसएचओ बिलावर नरेश शर्मा, चौकी अफसर चंद्र प्रकाश, सिपाही जावेद इकबाल, एसपीओ रंजीव शर्मा के अलावा चार महिला कांस्टेबलों को भी चोटें आई हैं। इनका इलाज उप जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में कुछ लोगों पर प्रशासन के कामकाज में खलल डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोपी पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुकराला माता मंदिर में रखे दानपात्रों को वहां से उठाने के लिए शनिवार को कठुआ के सहायक आयुक्त भारी दल बल जिसमें एसडीएम बिलावर राजेश्वर सिहं चाढक, एसडीपीओ बसोहली जगदेव सिंह , एसएचओ बिलावर नरेश कुमार शर्मा, चौकी अफसर रामकोट चंद्र प्रकाश, पुलिस, सीआरपीएफ और महिला पुलिस बल शामिल हैं, के साथ सुकराला माता के मंदिर पहुंचे। जब प्रशासन की टीम ने दान पात्र उठाने का प्रयास किया तो वहां मौजूद बारीदारों जिनमें बडी संख्या में महिलाएं शामिल थीं ने
विरोध किया।
इससे बारीदारों का पुलिस के साथ झगड़ा शुरू हो गया जिसमें कई बारीदारों, महिलाओं और कुछ पुलिस अधिकारी तथा सिपाहियों को चोटें आईं।