हीरानगर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही हीरानगर हाकी लीग प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को दो मुकाबले हुए। इसमें विक्रम इलेवन क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलेवन स्ट्राइकर क्लब को 12-2 से हराकर चार अंक हासिल किए। दूसरा मुकाबला इलेवन स्ट्राइकर और विरेंद्र इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें इलेवन स्ट्राइकर ने 4-3 से जीत दर्ज कर चार अंक अर्जित किए।
मंगलवार को प्रतियोगिता के तीन मुकाबले कराए जाएंगे। पहले मुकाबले में विक्रम इलेवन क्लब ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर हमले शुरू कर दिए। टीम के कैप्टन विक्रम सिंह ने शानदार 6 गोल दागे। वरुण ने दो, दिग्विजय ने तीन और धीरज सिंह ने एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इस मैचे में इलेवन स्ट्राइकर की तरफ से कैप्टन अभिनंदन सिंह और अभिषेक ने एक-एक गोल दागा। दूसरे मुकाबले में इलेवन स्ट्राइकर क्लब ने बाजी मारते हुए 4-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इलेवन स्ट्राइकर के रमनिक सिंह ने दो, राका और कैप्टन अभिषेक ने एक-एक गोल किया। विरेंद्र इलेवन के भूपेंद्र सिंह ने दो गोल किए। यह मैच भी बेहद रोमांचक रहा। बड़ी संख्या में दर्शक भी मौजूद रहे।