कठुआ। इस समय खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, इसके बाजवूद दीपों के पर्व दीपावली पर बाजार गुलजार हैं। लोग पर्व के लिए खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं। शनिवार को बाजारों में इतनी भीड़ उमड़ी कि शहर के कई इलाकों में जाम लग गया।
बाजार में इन दिनों आतिशबाजी के सामानों से लेकर घरों की सजावट तक के तमाम सामान स्टालों पर सज गए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। सामान्य दिनों की तुलना में शनिवार को बाजार में सुबह से ही चहल-पहल अधिक रही। भीड़ का आलम यह था कि दोपहर तक सड़कों पर जाम लगने की स्थिति बनने लगी। शाम ढली तो शहर के चौक-चौराहे जगमगा उठे। सजावट देख ऐसा लग रहा था कि जैसे बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एक-दूसरे के साथ होड़ सी मची हो। वहीं, बाजार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्राहकों ने इस रौनक को और गुलजार कर दिया। महंगाई ने खरीदारी को प्रभावित तो किया, लेकिन इस पर्व में जितने बड़े पैमाने पर पूजा-अर्चना, पटाखे, सजावट, खाद्य पदार्थों आदि की खरीदारी होती है, उसने महंगाई डायन के डर को कुछ कम कर दिया। दिनभर दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। देर शाम शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही इतनी ज्यादा हो गई कि शहीदी चौक, मुखर्जी चौक, कोर्ट रोड और कॉलेज रोड के कुछ हिस्सों पर जाम लग गया।
दीपावली से पूर्व बाजारों की रौनक के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। खासकर भीड़ भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिस का पहरा बढ़ाया गया। मुख्य बाजार के भीतर बीते वर्षों की तुलना में उत्साह कम रहा। लेकिन दीपावली के असर से सामान को खरीदार मिलते रहे। इस बीच रात के अंधेरे में घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जगमगाहट से लकदक करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
पटाखों की रेहड़ियां जब्त, चार के चालान कटे
कठुआ (ब्यूरो)। त्योहारी सीजन को सुरक्षित और सुविधाजनक रखने के लिए प्रशासनिक टीम ने लगातार तीसरे दिन औचक निरीक्षण किया। खासकर शहर के मुख्य बाजार में अनाधिकृत रूप से बेचे जा रहे पटाखों की रेहड़ियों पर गाज गिरी। तहसीलदार कठुआ की अध्यक्षता में निकली टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में लगाई गईं पटाखों की तीन रेहड़ियों को जब्त कर नगर परिषद के सुपुर्द कर दिया। टीम सदस्यों ने शहर के कई इलाकों में मूल्य सूची, खाद्य सामग्री आदि की बिक्री में साफ-सफाई आदि का निरीक्षण भी किया। इस दौरान चार चालान काटे गए।
जमकर खरीदारी की
महानपुर/बनी (ब्यूरो)। रोशनी के पर्व दीवाली की पूर्व संध्या पर कसबे के बाजारों में खूब रौनक रही। बच्चों के साथ बड़ों ने भी बाजारों में पटाखे, मिठाइयां आदि की खूब खरीदारी की। महिलाओं ने लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा और पूजा की सामग्री की खरीदारी की।