कठुआ। दीवाली को एक दिन शेष हैं, लेकिन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। पेयजल विभाग हो, डाक विभाग या फिर शिक्षा विभाग, सभी के कर्मचारियों की हालत एक जैसी है। कहीं चार माह तो कहीं इससे भी ज्यादा समय से कर्मियों को वेतन नहीं मिला है। ऐसे में कर्मचारियों के लिए दीवाली फीकी ही रहेगी।
कर्मचारियों की मानें तो सरकार से वह कई बार वेतन जारी करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। शिक्षा विभाग में एसएसए के तहत सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों को पिछले चार महीनों से वेतन का इंतजार है। आरईटी टीचर्स फोरम के अरविंद कुमार ने बताया कि उनके इस बार दीवाली फीकी रहेगी और इसकी जिम्मेदार सरकार है।
वहीं, पेयजल विभाग के कर्मियों की हालत सबसे खराब है। कुलदीप राज ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों को पिछले उन्नीस महीने से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में इनकी दीवाली कैसी रहेगी, सोचा जा सकता है। यही हाल ग्रामीण डाक विभाग के डाक सेवकों का है। उन्होंने दो टूक शब्दों मे सरकार को चेतावनी दी है कि वे पर्व बीतने के बाद वेतन के लिए भूख हड़ताल कर सकते हैं। डाक सेवकों को कई बार बोनस के आश्वासन के बाद भी आज तक वे उसका इंतजार ही कर रहे हैं।