कठुआ/महानपुर। हादसों के लिहाज से संवेदनशील जिले के पहाड़ी इलाके में ट्रॉमा अस्पताल का सपना पूरा होने के कगार पर है। ट्रामा सेंटर की इमारत ढांचा तैयार हो चुका है। निर्माण एजेंसी ने इमारत को स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द करने के लिए लिखित में अनुरोध भी कर दिया है। इस सबके बावजूद ट्रॉमा अस्पताल अभी भी दूर की कौड़ी ही बनी हुई है। इमारत के उद्घाटन की रस्म सपने की राह में रोड़ा बन गई है।
महानपुर कसबे के बिहानी इलाके में ट्रॉमा अस्पताल स्थापित किया जा रहा है। महानपुर सहित तहसील बसोहली, बिलावर और बनी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ट्रॉमा अस्पताल को मंजूरी दी गई थी। पूर्व निर्धारित समय सीमा के अनुसार अस्पताल को 2012 तक तैयार हो जाना था। इसके बाद फिर से मार्च 2013 तक निर्माण पूरा कर इमारत को स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द करना था। स्थानीय सरपंच रंगील सिंह, सुरजीत सिंह, सोनू गुप्ता, देविंदर शर्मा और दयानंद शर्मा के अनुसार बनी, बसोहली और बिलावर में आपात स्थिति में घायलों और मरीजों की जान पर बन आती है। दुर्घटनाओं के ज्यादातर गंभीर मामलों में लोगों को कठुआ अथवा जम्मू रेफर किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रॉमा अस्पताल स्थापित किया जा रहा है। इमारत जून माह में ही बनकर तैयार हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी ने स्वास्थ्य विभाग को इमारत टेक ओवर करने के लिए भी कह दिया है, ऐसे में इमारत के उद्घाटन की रस्म अस्पताल शुरू होने के रास्ते में रोड़ा बन गई है।